सीएम आगमन से पहले शहर को संवारने में जुटा नगर निगम, दिन-रात चल रहा सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य

Press Release उत्तर प्रदेश

—– सीएम रूट से लेकर टाटा मैदान तक युद्धस्तर पर तैयारियां, रोजाना समीक्षा कर रहे नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर निगम का पूरा अमला दिन-रात मैदान में डटा हुआ है। सीएम रूट के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, ताकि आगरा की बेहतर तस्वीर प्रस्तुत की जा सके।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं तैयारियों की नियमित निगरानी कर रहे हैं। वह प्रतिदिन शाम को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। वहीं, निगम के वरिष्ठ अधिकारी सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था पर भी विशेष फोकस रखा गया है, ताकि शहर के प्रमुख मार्ग पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दें।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम द्वारा ज़ूम मीटिंग के माध्यम से भी लगातार सभी जोनों और विभागों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रत्येक अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
शहर में क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, रेलिंग और सड़क किनारे स्थित संरचनाओं का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर प्रेशर मशीनों से धुलाई कर सड़कें, डिवाइडर और फुटपाथ चमकाए जा रहे हैं। वहीं, झुके और जर्जर विद्युत पोल बदले जा रहे हैं तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जा रहा है, जिससे रात्रि में भी मार्ग पूरी तरह रोशन रहें। सड़क किनारे खड़े पेड़ पौधों की छंटाई और धुलाई की जा रही है।
सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के साथ पैचवर्क का कार्य भी तेजी से चल रहा है। नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न मार्गों पर पहुंचकर सड़क सुधार कार्य करा रही हैं, ताकि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल टाटा मैदान पर भी नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मैदान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान शहर की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें और आगरा स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आए। इसके लिए निगम के अधिकारी और कर्मचारी लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *