—– मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर निर्देश के बावजूद 10:30 बजे ड्यूटी खत्म कर जा रहे थे घर
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही के मूड में नहीं है। शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए एक ओर जहां अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कार्य में लापरवाही बरतने वाले आउटसोर्स सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में नगर निगम ने वार्ड-88 (के.के. नगर) में तैनात 14 आउटसोर्स सफाई मित्रों व एक स्थाई सफाई कर्मचारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। तय अवधि में स्पष्टीकरण न देने पर अपर नगर आयुक्त ने सेवा समाप्ति की चेतावनी दी है।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि मुख्य स्वच्छता निरीक्षक चंद्र पाल द्वारा वार्ड-88 की 23 जुलाई की रिपोर्ट में सामने आया कि कुछ सफाई मित्र सुबह करीब 10:30 बजे ही सफाई कार्य छोड़कर अपने-अपने घर चले जाते हैं। जबकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को सर्विस रोड की विशेष सफाई, कूड़ा उठान तथा पूरे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में उल्लेख है कि संबंधित सफाई मित्रों को पहले भी कई बार मौखिक रूप से निर्धारित समय तक कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर सफाई कार्य करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उनके कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। ऐसे में इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सेवाप्रदाता फर्म को नोटिस जारी किया गया।
नोटिस में फर्म को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित सभी सफाई मित्रों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नगर निगम प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए। यदि निर्धारित समय तक संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो यह माना जाएगा कि संबंधित कर्मचारी कार्य करने के इच्छुक नहीं हैं।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि कार्रवाई हेतु आउटसोर्स सफाई मित्रों में रवि पुत्र देवी सिंह, राजन पुत्र बृजमोहन, राहुल पुत्र सुनील, राहुल पुत्र गोपाल, प्रेम पुत्र नत्थीलाल, शिवा पुत्र जौन, विनोद पुत्र लदूरी, काजल पत्नी टीकम सिंह, विक्रम पुत्र सुदेश, राधा पुत्र मुकेश, अजय पुत्र अशोक, अरविंद पुत्र अशोक, मोहित पुत्र छक्कन तथा कुलदीप पुत्र परशुराम शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड-88 में कार्यरत स्थाई सफाई कर्मचारी अनूप पुत्र वेदप्रकाश को भी कार्य में लापरवाही के आरोप में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी कारण सभी जोनल अधिकारियों, मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों और सफाई नायकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करें और लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :
“मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए नगर निगम की प्राथमिकता शहर की स्वच्छ एवं व्यवस्थित छवि प्रस्तुत करना है। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जो कर्मचारी निर्धारित समय तक कार्य नहीं करेंगे या अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”


