—– बारिश में नाला धंसने से कई मकान हुए थे क्षतिग्रस्त, अब आरसीसी से कराया गया पुनर्निर्माण
आगरा। बालूगंज स्थित बैनी सिंह वैदिक स्कूल से होकर गुजरने वाले क्षतिग्रस्त नाले का पुनर्निर्माण लगभग पूरा हो गया है। अब नाले को पूरी तरह पाटने के बजाय प्रीकास्ट स्लैब से ढंका जाएगा, ताकि भविष्य में उसकी सफाई और रखरखाव में किसी तरह की परेशानी न हो। नगर निगम अगले दो दिनों में प्रीकास्ट स्लैब लगाने का कार्य शुरू करेगा।
पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान बालूगंज का यह पुराना नाला क्षतिग्रस्त हो गया था। नाले के किनारे बने कई मकान भरभराकर गिर गए थे। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आसपास के अन्य मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा था। इसके बाद नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नाले का निर्माण आरसीसी तकनीक से कराया गया। बताया जा रहा है कि दशकों पहले बना यह नाला ईंटों से निर्मित था, जो समय के साथ जर्जर हो चुका था। लगातार बारिश और जल प्रवाह के दबाव के चलते इसकी दीवारें कमजोर पड़ गई थीं, जिससे यह हादसा हुआ।
क्षेत्रीय अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब इसे प्रीकास्ट स्लैब से ढंकने का काम अगले दो दिनों में शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाले को स्थायी रूप से बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर स्लैब हटाकर आसानी से सफाई कराई जा सकेगी। इससे जल निकासी व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी।
वर्जन—-संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त
“बालूगंज के क्षतिग्रस्त नाले का पुनर्निर्माण गुणवत्तापूर्ण आरसीसी से कराया गया है। अब नाले को प्रीकास्ट स्लैब से ढंका जाएगा, जिससे सफाई और रखरखाव में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। नगर निगम का उद्देश्य सुरक्षित और बेहतर जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”


