दिसंबर तक तैयार होगा कल्याण मंडपम, निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

—– जनकपुरी के विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, महापौर-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

आगरा। शहर में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संयुक्त रूप से कल्याण मंडपम और जनकपुरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। कार्यदाई संस्था सी एन डी एस अधिकारियों ने बताया कि मंडपम का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है और इसे दिसंबर तक तैयार कर लिया जाएगा। महापौर और नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ ही निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कराया जाए।
इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने जनकपुरी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को देखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ आमजन को समय से मिलना चाहिए, इसलिए कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से भी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्हें तय मानकों और समयसीमा के अनुसार काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। महापौर और नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान जनसुविधाओं का ध्यान रखा जाए तथा जहां आवश्यक हो, वहां समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *