आगरा मंडल द्वारा स्टेशनों पर स्थापित स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से अनारक्षित टिकटिंग सेवाओं को सुगम बनाने हेतु फैसिलिटेटर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पहल यात्रियों को तेज, सरल एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के अंतर्गत आगरा मंडल के स्टेशनों पर 70% पद सामान्य श्रेणी के लिए तथा 30% पद दिव्यांगजन के लिए आरक्षित किए गए हैं।
स्टेशन-वार विवरण:- आगरा छावनी स्टेशन पर 06, मथुरा जंक्शन स्टेशन पर 14, आगरा किला स्टेशन पर 12,राजा की मंडी स्टेशन पर 12,धौलपुर जंक्शन स्टेशन पर 04, ईदगाह स्टेशन पर 04, कोसी कलां स्टेशन पर 06, भूतेश्वर स्टेशन पर 05, खेड़ली स्टेशन पर 06 सहित कुल 69 फैसिलिटेटर चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के लिए अनुबंध के आधार पर कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। आवेदन पत्र उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट https://ncr.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी, जो न्यूनतम योग्यता रखते हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 30 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 20 मई 2026 तक चलेगी, जबकि पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 21 मई 2026 दोपहर 13:00 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार की जाएगी।
रेल प्रशासन ने योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है, जिससे रेलवे सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं यात्री हितैषी बनाया जा सके।


