प्रतापपुरा से नामनेर चौराहे तक भारी हंगामे के बीच गरजा महाबली, फुटपाथ और नाले से हटाए गए अवैध कब्जे

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत बुधवार को प्रतापपुरा से नामनेर चौराहे तक व्यापक कार्रवाई की गई। नगर निगम की टास्क फोर्स टीम ने क्षेत्र में नाले और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाते हुए दर्जनों की संख्या में पक्के निर्माण, टिन शेड तथा अन्य अतिक्रमणों को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध और हंगामा भी किया, लेकिन निगम अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान को जारी रखा।
प्रतापपुरा से नामनेर चौराहे तक स्थित मुख्य नाले पर कई स्थानों पर पक्के निर्माण कर लिए गए थे। इसके अलावा दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर टिन शेड और अन्य अस्थायी ढांचे निकालकर सार्वजनिक मार्ग को संकरा कर दिया गया था। इन अतिक्रमणों के कारण नाले की नियमित सफाई और सिल्ट उठान कार्य प्रभावित हो रहा था, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की आशंका बढ़ गई थी। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने गत दिवस क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान नाले पर किए गए अवैध निर्माण और फुटपाथों पर कब्जों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर नगर निगम टास्क फोर्स, प्रवर्तन दल तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से नाले के ऊपर बनाए गए पक्के स्लैब, चबूतरे और अवैध निर्माण तोड़े गए। साथ ही दुकानों के सामने निकाले गए टिन शेड, लोहे के ढांचे, बोर्ड और अन्य अतिक्रमणकारी सामग्री को हटाकर जब्त किया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन ने क्षेत्रीय व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि, नालों और फुटपाथों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने में सहयोग करें।
—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :

“बरसात से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई और सिल्ट उठान कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। नालों पर किए गए अतिक्रमण जल निकासी व्यवस्था के लिए बड़ी बाधा हैं। ऐसे सभी अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक भूमि, नाले अथवा फुटपाथ पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शहर को जलभराव मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *