Agra News: डबल मर्डर से फैली सनसनी, पत्नी और बेटी की हत्या कर फरार हुआ सर्राफ पति, पुलिस तलास में जुटी

Crime





आगरा। थाना इरादतनगर क्षेत्र के ग्राम बृथला में एक सर्राफा व्यवसाई द्वारा गृहक्लेश में अपनी पत्नी और पुत्री की हत्या कर दिए जाने की खबर है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बाइक लेकर फरार हो गया। व्यवसाई के दो बेटे अपने मामा के यहां गए हुए थे, वे उसका शिकार होने से बच गए।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस वारदात का खुलासा मंगलवार की सुबह उस समय हुआ, जब एक पड़ोसी अपनी बाइक की चाबी लेने सर्राफा व्यवसाई कृष्णकांत के घर पहुंचा। उसने देखा कि घर की कुंडी बाहर से बंद थी।

खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर झांक कर देखा तो सन्न रह गया। अंदर कृष्णकांत की पत्नी कृष्णा (38 वर्ष) और बेटी लाड़ो (12 वर्ष) के शव पड़े थे। पड़ोसी ने तत्काल गांव वालों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची इरादतनगर पुलिस ने जांच में पाया कि कृष्णा की मौत सिर पर ईंट से वार से हुई, जबकि बेटी लाड़ो के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे उसे जहर देने की आशंका जताई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में पुलिस मान रही है कि कृष्णकांत ने ही पत्नी और बेटी की हत्या की, क्योंकि वह फरार है और सुबह पांच बजे लोगों ने उसे घर से जाते हुए देखा। पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं और मायके पक्ष को सूचना भेज दी गई है। कृष्णकांत की गांव में ही सर्राफ की दुकान है।

कृष्णकांत की शादी करीब सोलह साल पहले थाना शाहगंज क्षेत्र के पृथ्वीनाथ फाटक की रहने वाली कृष्णा के साथ हुई थी। कृष्णकांत के तीन बच्चों में दो बेटे और 12 साल की बेटी लाड़ो थी। दोनों बेटे बुआ के घर गए थे। घर में पत्नी कृष्णा, बेटी और पति ही थे। गांव वालों के अनुसार आरोपी कृष्णकांत गांव में किसी से मेलजोल नहीं रखता था। पुलिस पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि की जानकारी कर रही है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *