Agra News: नीम करौरी बाबा के 125वें जन्मोत्सव पर 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा पाठ, किन्नर समाज और स्कूलों के बच्चे भी होंगे सहभागी

Press Release

आगरा। महान संत त्रिकालदर्शी नीम करौरी बाबा के 125वें जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय अखंड श्री हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम अंतिम रूप ले चुका है। मंगलवार को संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल पर हनुमान चालीसा पाठ समिति एवं समर्थवान संस्था द्वारा कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का लोकार्पण किया गया।

संस्थापक अध्यक्ष पंडित मनीष शर्मा ने बताया कि पहली बार 27 और 28 नवंबर को नामनेर स्थित प्राचीन आदिशक्ति माँ दुर्गा सेवी मंदिर पर 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर होने वाले राम नाम लेखन महायज्ञ में भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।

अखंड पाठ 27 नवंबर की सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा और लगातार 24 घंटे चलता रहेगा। 28 नवंबर को सुबह 11 बजे पाठ का विराम होगा, जिसके बाद दोपहर 12 बजे हवन और भंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

समिति सदस्य मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य आकर्षण स्कूलों के बच्चों की भागीदारी होगी। हर घंटे 10 विद्यार्थियों का एक समूह सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भक्ति परंपरा से जोड़ना है।

कार्यक्रम की विशेषता यह भी होगी कि किन्नर समाज भी अखंड पाठ में शामिल होकर सामाजिक सौहार्द, समरसता और “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” का संदेश देगा। समिति का मानना है कि धर्म और भक्ति का उत्सव समाज के हर वर्ग को एकजुट करता है।

इस अवसर पर मनोज गर्ग, प्रवीण कोहली, आशीष जैन, अमन कोहली, राजकुमार शर्मा, अमित शर्मा, माधव शर्मा, राकेश शर्मा, रितु शर्मा, आकाश रावत, जतिन सहित अनेक पदाधिकारी एवं भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *