
आगरा कॉलेज सभागार में कोड योगी फाउंडेशन की कार्यशाला में बताए रोजगार के विकल्प, आगरा में कोड योगी से मुफ्त में कोडिंग सीखेंगे युवा
जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, डीआईओएस चंद्रशेखर रहे मौजूद
आगरा.13.05.2026.आज जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह जी की गरिमामई उपस्थिति में,आगरा कॉलेज सभागार में कोड योगी फाउंडेशन के तत्वावधान में एआई आधारित तकनीकि व प्रोग्राम कोडिंग पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जनपद के सभी एडेड माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक व छात्र -छात्राएं मौजूद रहे।कोड योगी फाउंडेशन की कार्यशाला में युवाओं को करियर और विषय के चुनाव में मार्गदर्शन के साथ भविष्य में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य तकनीकी के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं के करियर एवं विषय के चुनाव में मार्गदर्शन के साथ भविष्य में छात्र छात्राओं को रोजगार, स्वावलंबन के अवसर प्रदान करना है।इस दौरान उन्होंने भविष्य में रोजगार के विकल्प को खोलने एवं तकनीकी युग में नई संभावनाओं की खोज के अवसर को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रधानाचार्य और शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस एआई आधारित तकनीकि व कोडिंग कार्यक्रम में मुख्य भूमिका निभाएं तथा छात्र छात्राओं के तकनीकी आधारित कौशल प्राप्ति में सहयोगी बनें,बच्चों के अभिभावकों को प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को उनके सुनहरे भविष्य हेतु सेतु का काम करें।
कार्यशाला में बताया गया कि किस तरह से वे कोड योगी की मदद से मुफ्त में कोडिंग सीख सकते है और अच्छे अवसर व नौकरियां हासिल कर सकते हैं।
जनपद के सभी एडेड स्कूलों में कक्षा 8 से 12 वीं तक के छात्रों को एआई आधारित तकनीकि व कोडिंग में दक्ष बनाने, युवाओं को भविष्य के तकनीकी आधारित नौकरी के अवसरों, स्व-रोजगार, स्वावलंबन व आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के प्रयासों के तहत गर्मियों की छुट्टी के सदुपयोग हेतु,कोड योगी फाउंडेशन नामक एनजीओ और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हाथ मिलाया है।
कोड योगी फाउंडेशन द्वारा एआई तकनीकी व कोडिंग की मुफ्त शिक्षा खासतौर पर गरीब, संसाधनहीन वित्तीय तौर पर पिछड़े छात्रों के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। सभी एडेड स्कूलों के कक्षा 8 से 12 वीं के बच्चों हेतु साथ ही साथ जो छात्र कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं और वित्तीय रूप से सशक्त नहीं है वो भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कोड योगी संस्था के राकेश सहगल ने पीपीटी के माध्यम से प्रधानाचार्य, शिक्षकों, और छात्रों को इसमें पंजीकरण करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में छात्रों को राष्ट्रीय, बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी हासिल हुई हैं।
गौरतलब है की कोड योगी फाउंडेशन सरकारी स्कूलों में गरीब, वित्तीय रूप से कमजोर प्रतिभाशाली बच्चों को मुफ्त कोडिंग सिखाता है ,कोड योगी फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने बताया कि किस तरह से वे कोड योगी की मदद से मुफ्त में कोडिंग सीख सकते हैं और भविष्य के तकनीकी आधारित युग में स्वयं को स्किल आधारित ज्ञान से लाभान्वित कर सकते हैं उन्होंने कोड योगी फाउंडेशन के कार्यों को बताते हुए कहा कि कई छात्र जो पहले वेल्डिंग और प्लम्बिंग जैसे काम करते थे उन्होंने कोड योगी की मदद से लाखों रूपयो की तनख्वाह वाली नौकरियां हासिल की है। कार्यशाला में चर्चा की गई कि किस तरह आने वाले समय में एआई तकनीकी व कोडिंग एक बेहद महत्वपूर्ण स्किल साबित होने वाली है।
कार्यक्रम समापन पर डीआईओएस चंद्र शेखर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक व बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।


