Agra News: आस्था और उल्लास के बीच संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, घाटों पर उमड़ी श्रद्धा की बयार

स्थानीय समाचार

आगरा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर तरफ आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण कर पूजा का समापन किया।

चार दिनों तक चला छठ का अनुष्ठान

शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व में व्रतियों ने स्नान-ध्यान कर सूर्यदेव को जल अर्पित किया। रविवार को खरना के दिन पूरे दिन उपवास रखकर शाम को सूर्य को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया गया। इसके बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया।

सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को और मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया।
अर्घ्य के समय व्रतियों ने मंत्रोच्चार — “ओम एहि सूर्य सहस्त्रांशो तेजोराशे जगत्पते, अनुकंपय माम् भक्तया गृहाणाघ्र्यम् दिवाकर” — के साथ सूर्यदेव और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की रक्षा का आशीर्वाद मांगा।

जनप्रतिनिधियों ने लिया पर्व का हाल

महापर्व के दौरान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और छठी मैया की पूजा-अर्चना में भाग लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

घाटों पर सुरक्षा और सफाई के विशेष इंतज़ाम

छठ पर्व को लेकर नगर के घाटों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सुबह से ही पुलिस बल और महिला जवान तैनात रहे। सुरक्षा कर्मी लगातार गश्त करते रहे ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

महापौर ने जताया आभार

छठ पूजा के सफल आयोजन पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम कर्मियों और सफाईकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वय और नागरिकों के सहयोग से यह पर्व बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हुआ, जिसके लिए वे सभी को धन्यवाद देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *