
आगरा । मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देते हुए अनारक्षित टिकटों की बिक्री में डिजिटल भुगतान को व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 (अप्रैल–मई) के दौरान UPI एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या तथा राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 (अप्रैल–मई) की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 (अप्रैल–मई) में डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या 7.32 लाख से बढ़कर 10.13 लाख हो गई, जो 38.33 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
इसी अवधि में डिजिटल भुगतान के माध्यम से प्राप्त आय ₹4.21 करोड़ से बढ़कर ₹6.75 करोड़ हो गई, जो 60.43 प्रतिशत की वृद्धि है।
मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों की संख्या में 19.61 प्रतिशत तथा इससे प्राप्त आय में 30.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं QR/UPI आधारित भुगतान से प्राप्त आय में 66.09 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
आगरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सरल एवं कैशलेस टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने से यात्रियों को त्वरित टिकटिंग सुविधा के साथ-साथ पारदर्शी एवं सुविधाजनक भुगतान विकल्प भी प्राप्त हो रहे हैं।


