मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
आगरा. 23 नवंबर 2026. लघु सभागार में मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम आईजीआरएस की समीक्षा की गयी। विगत माह की अपेक्षा इस माह रैंक मैं सुधार हुआ और आईजीआरएस में आगरा मण्डल ने 10वीं रैंक प्राप्त की। आयुक्त महोदय ने सभी प्रकरणों में शिकायतकर्ताओं से संपर्क किए जाने एवं संतुष्ट फीडबैक प्रतिशत में वृद्धि किए जाने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा में सर्वप्रथम पशुपालन विभाग में निर्माणाधीन वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की जानकारी ली गई, जिस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जनपद आगरा में वृ. गौ. सं केद्र बलाई के स्थान पर ग्राम खेड़ा राठौर में चिन्हित की गई भूमि पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। मथुरा में वृ. गौ. सं केद्र बढ़ौता के टेंडर की कार्यवाही पूर्ण की जाए। पंचायत राज विभाग में पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजनान्तर्गत निदेशालय स्तर पर सिर्फ फिरोजाबाद जिले से ही प्रस्ताव प्रेषित किए गए। शेष जनपदों आगरा, मैनपुरी एवं मथुरा में अभी प्रस्ताव प्रेषित नहीं किए गए। इस पर आयुक्त महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी एवं स्पष्टीकरण मांगा गया। ठोस तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन में सबसे कम प्रगति मथुरा और आगरा की रही। प्रगति बढ़ाये जाने के निर्देश दिए।
प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त जी ने निर्देश दिए कि ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत मथुरा और मैनपुरी में 4 अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त किया जाए। आगरा और मैनपुरी में कुल अवशेष 445 विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त किया जाए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में महोदय द्वारा निर्देश दिए गए कि आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (गोल्डन कार्ड) में मथुरा में कार्ड बनाए की प्रगति बढ़ाई जाए। वहीं चारों जिलों में अवशेष पात्र वरिष्ठ नागरिकों के भी कार्ड बनाए जाएं। अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के अंतर्गत सरकारी भवनों पर रेस्को मोड में सोलर रूफटॉप लगाए जाने हेतु निदेशालय से समन्वय कर प्रगति में तेजी लाई जाए।
ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 में लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष आवास की स्वीकृति हेतु कार्यवाही पूर्ण की जाए। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रथम किश्त निर्गत करने हेतु निर्देशित किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 8711 स्वयं सहायता समूहों का बैंक क्रेडिट लिंकेज कराया गया है। इसमें और तेजी से समूह गठन कराने की आवश्यकता है। वीबी- जी राम जी योजना में मथुरा में प्रगति बढ़ाये जाने के निर्देश दिए।
उद्योग विभाग की समीक्षा में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत चारों ही जनपदों में लक्ष्य मानक से अधिक वितरण किया गया है। ओ०डी०ओ०पी० वित्त पोषण हेतु सहायता योजना के अंतर्गत जनपद आगरा में स्वीकृत संख्या 116 के सापेक्ष वितरण 92, फिरोजाबाद में 44 के सापेक्ष 41, मथुरा में 30 के सापेक्ष 23 तथा जनपद मैनपुरी में स्वीकृत संख्या 25 के सापेक्ष 23 वितरण किया गया है।
महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत उ० प्र० रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना में नोडल पुलिस अधिकारी, मेडिकल ऑफिसर पर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा डीएससी में सभी लंबित प्रकरण लगाए जाने के निर्देश दिए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत शादी अनुदान योजना में जनपद मथुरा एवं मैनपुरी को लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं रसद विभाग में प्रचलित उचित दर की दुकानों के संबंध में निर्देश दिये कि रिक्त दुकानों के सापेक्ष नये चयन की कार्यवाही जाए एवं निलंबित दुकानों के प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। अन्नपूर्णा भवन के संबंध में अवगत कराया गया कि कुल 116 के सापेक्ष 78 भवन पूर्ण हो गए हैं। शेष कार्य प्रगति पर है।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त श्री उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मथुरा श्री चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी श्री इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद श्री संतोष कुमार शर्मा, चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, एडी हेल्थ एवं समस्त मण्डलीय अधिकारी मौजूद रहे।


