नगर निगम के एक्शन के बाद कहरई में गंदे पानी से लोगों को मिली राहत

Press Release उत्तर प्रदेश


—- सीवर जेट मशीन से साफ कराया स्कूल मार्ग
—– नाले की स्थायी निकासी के लिए बनेगी कार्ययोजना

आगरा। ग्राम कहरई में प्राइमरी पाठशाला के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से भरे गंदे पानी की समस्या पर नगर निगम ने सोमवार को कार्रवाई की। स्कूल मार्ग पर जलभराव की सूचना मिलने के बाद निगम ने सीवर जेट मशीन भेजकर सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी कराई। इससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली। साथ ही नए नाले के पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के वार्ड संख्या 23 स्थित ग्राम कहरई में प्राइमरी पाठशाला के सामने लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पिछले करीब आठ दिनों से समस्या और गंभीर हो गई थी। गैस गोदाम की दिशा में नया नाला बनाए जाने के बाद उसके पानी की निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं होने से दिक्कत बढ़ गई। नाले का पानी मोटरों और पंपों के जरिये दूसरे नाले में डाला जा रहा था। क्षमता से अधिक पानी पहुंचने पर दूसरा नाला ओवरफ्लो हो जाता था और गंदा पानी मुख्य सड़क पर फैल जाता था।

—- स्कूल जाने वाले बच्चों को होती थी परेशानी

मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भरा होने के कारण प्राइमरी पाठशाला जाने वाले बच्चों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था। दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का भी रहना मुश्किल हो गया था। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई थी। ग्रामीणों ने मांग की थी कि नए नाले के पानी की निकासी के लिए सुरक्षित स्थान पर स्थायी व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना था कि केवल पंप लगाकर पानी दूसरे नाले में डालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।

—– अपर नगर आयुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

मामले की जानकारी मिलने पर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने क्षेत्रीय जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा और निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार को सीवर जेट मशीन लगाकर स्कूल के मुख्य मार्ग पर जमा पानी निकलवाया गया। निगम अधिकारियों को नाले की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया है।

—– स्थायी समाधान के लिए बनाई जाएगी कार्ययोजना

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि कहरई में स्कूल के मुख्य मार्ग पर जलभराव की जानकारी मिलते ही तत्काल सीवर जेट मशीन से पानी निकलवाया गया है। संबंधित अधिकारियों को नाले की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी स्थिति का परीक्षण कर उचित निकासी व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी, ताकि दोबारा स्कूल मार्ग पर जलभराव न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *