
—- सात दिन का अल्टीमेटम, खामियां दूर न करने वाली एजेंसियों के अनुबंध होंगे निरस्त, स्ट्रक्चर होंगे जब्त
आगरा। पूर्व में तेज आंधी और बारिश के दौरान विज्ञापन स्ट्रक्चर गिरने से हुए हादसों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहरभर में लगे सभी विज्ञापन स्ट्रक्चरों की व्यापक जांच शुरू कर दी है। प्रभारी विज्ञापन के निर्देशन में निगम की टीम विभिन्न स्थानों पर लगे यूनीपोल, गेएंट्री, पेंसिल पोल, एलईडी यूनीपोल, एलईडी स्क्रीन, रूफटॉप और क्योस्क सहित अन्य विज्ञापन स्ट्रक्चरों का निरीक्षण कर उनकी तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों का परीक्षण कर रही है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में लगभग डेढ़ दर्जन विज्ञापन एजेंसियों के माध्यम से एक हजार से अधिक विज्ञापन स्ट्रक्चर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें यूनीपोल, गेएंट्री, पेंसिल पोल, एलईडी यूनीपोल, एलईडी स्क्रीन, रूफटॉप और क्योस्क जैसे विभिन्न प्रकार के स्ट्रक्चर शामिल हैं, जिनके माध्यम से देश की विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के विज्ञापन प्रदर्शित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के नियमों के अनुसार प्रत्येक विज्ञापन एजेंसी को प्रत्येक छह माह में अपने सभी विज्ञापन स्ट्रक्चरों की मरम्मत कराने के साथ-साथ अधिकृत तकनीकी विशेषज्ञ द्वारा जारी स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र नगर निगम में जमा कराना अनिवार्य है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित हैं और आमजन के लिए किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न नहीं करेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिन विज्ञापन स्ट्रक्चरों में तकनीकी खामियां, जर्जर स्थिति अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया है, उनसे संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सभी एजेंसियों को सात दिन के भीतर कमियां दूर करने, आवश्यक मरम्मत कराने तथा अद्यतन स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि यदि निर्धारित समयावधि में संबंधित एजेंसियां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं करती हैं, तो नगर निगम उनके विरुद्ध अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही संबंधित एजेंसी के विज्ञापन स्ट्रक्चरों को जब्त कर लिया जाएगा तथा नियमानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
वर्जन— इस संबंध में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि आमजन की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में जर्जर अथवा असुरक्षित विज्ञापन स्ट्रक्चर शहर में नहीं रहने दिए जाएंगे। सभी विज्ञापन एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा। यदि कोई एजेंसी लापरवाही बरतती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए अनुबंध निरस्त किया जाएगा और संबंधित विज्ञापन स्ट्रक्चर जब्त किए जाएंगे।


