—– नाम वापसी के बाद टला मतदान, चुने गए कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों को दीं गईं बधाइयां
आगरा। नगर निगम सदन में शनिवार को आयोजित कार्यकारिणी समिति के चुनाव को लेकर दिनभर चली राजनीतिक हलचल और गहन मंथन के बाद आखिरकार सर्वसम्मति का रास्ता निकल आया। मतदान की नौबत आने से पहले ही दोनों प्रमुख दलों के बीच सहमति बनने पर छह नए सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन कर लिया गया। इस तरह भाजपा के पांच तथा बसपा के एक पार्षद को नगर निगम की कार्यकारिणी समिति में स्थान मिला।
नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का कार्यकाल पिछले माह पूरा हो गया था। रिक्त हुई इन छह सीटों पर नए सदस्यों के निर्वाचन के लिए शनिवार को नगर निगम सदन की बैठक बुलाई गई। चुनावी प्रक्रिया शुरू होते ही भाजपा की ओर से पार्षद दल के नेता प्रकाश केसवानी ने अतुल अवस्थी, प्रवीना राजावत, हेमंत प्रजापति, हेमेंद्र पाल सिंह, वेदप्रकाश गोस्वामी तथा रविकुमार का नाम प्रस्तावित कर नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं बसपा की ओर से दल के नेता कप्तान सिंह ने निधि सिंह, पुष्पा कुमारी और माता प्रसाद ने दावेदारी प्रस्तुत की।
नामांकन के बाद दोनों दलों के बीच सर्वसम्मति से चुनाव कराने को लेकर लगातार बातचीत का दौर चलता रहा। हालांकि शुरुआत में बसपा पार्षद पुष्पा कुमारी अपना नामांकन वापस लेने को तैयार नहीं थीं, जिससे मतदान की संभावना प्रबल हो गई थी। बसपा पार्षद दल के नेता कप्तान सिंह , यशपाल, सुनील शर्मा आदि ने पार्टी के अन्य पार्षदों के साथ लगातार वार्ता कर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया। अंततः पार्टी के अन्य सदस्यों के सकारात्मक रुख और आपसी सहमति के बाद पुष्पा कुमारी ने चुनाव मैदान से हटने का निर्णय लिया। इसके बाद भाजपा के पांच तथा बसपा के एक सदस्य को कार्यकारिणी समिति में शामिल करने पर अंतिम सहमति बन गई और निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हो गया।
—– चुने गए सदस्य
कार्यकारिणी समिति के लिए निर्वाचित सदस्यों में भाजपा के अतुल अवस्थी, रविकुमार, हेमेंद्र पाल सिंह, हेमंत प्रजापति और प्रवीना राजावत शामिल हैं, जबकि बसपा से निधि सिंह को कार्यकारिणी में स्थान मिला।
—- मतदान की आशंका में बुलाए गए पदेन सदस्य
सर्वसम्मति बनने से पहले मतदान की संभावना को देखते हुए भाजपा ने अपने पदेन सदस्यों को भी मतदान के लिए तैयार रखा था। इसके तहत केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल और सांसद राजकुमार चाहर को भी मतदान की स्थिति में भाग लेने के लिए बुलाया गया था। हालांकि अंतिम समय में सहमति बनने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। इस दौरान विधायक भगवान सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे।
—– महापौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
कार्यकारिणी समिति के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य भी मौजूद रहे। वरिष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में सीएफओ बृजेश सिंह, मुख्य नगर लेखा परीक्षक निर्विकार गोयल ने निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई, जबकि सहायक लेखाधिकारी उल्लास वर्मा सहायक निर्वाचन अधिकारी रहे। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सहायक पर्यवेक्षक के रूप में दायित्व निभाया।
चुनावी प्रक्रिया का संचालन अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने किया। निर्वाचन कार्य में सहयोग के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद त्यागी, उनके सहयोगी मानवेन्द्र सिंह एवं अनुराग (जिला प्रशासन) तथा पूर्व सचिवालय अधीक्षक लायक राम शर्मा को भी आमंत्रित किया गया था।
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य तथा पदेन सदस्यों ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कार्यकारिणी के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।


