
—– मैकेनिकल स्वीपिंग और वाटर स्प्रिंकलर से धूल के गुबार पर वार,रोजाना हो रही मॉनिटरिंग
—– नगर निगम के बहुआयामी अभियान के माध्यम से सड़कों से लेकर पेड़-पौधों तक की धुलाई
आगरा। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर निगम प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सड़कों पर उड़ने वाली धूल और धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव और विशेष अभियान चलाकर डिवाइडर के साथ सड़क किनारे लगे पेड़-पौधों की धुलाई कराई जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि नियमित सफाई और पानी के छिड़काव के जरिए वातावरण में धूल के कणों की मात्रा कम की जा सके और शहरवासियों को प्रदूषण से राहत मिले।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए शहर में विभिन्न स्तरों पर अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रमुख मार्गों पर मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही वाटर स्प्रिंकलर के जरिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे सड़क पर जमी धूल उड़कर वातावरण में न फैले। अभियान के तहत सड़कों के डिवाइडर, किनारों और वहां लगे पेड़-पौधों पर जमी धूल को भी पानी से साफ कराया जा रहा है।
बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के नोडल अधिकारियों को लगातार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। सफाई, पानी के छिड़काव और धुलाई के कार्यों को नियमित रूप से कराया जा रहा है, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं भी वायु प्रदूषण नियंत्रण अभियान की प्रतिदिन शाम को समीक्षा कर रहे हैं। समीक्षा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाती है। जहां कहीं भी कार्य में कमी सामने आती है, वहां संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।
नगर निगम प्रशासन का जोर है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जाए। मैकेनिकल सफाई, नियमित जल छिड़काव और हरित क्षेत्रों की धुलाई को अभियान के रूप में जारी रखते हुए शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


