अलविदा दोस्त… टेबिल टेनिस के पुराने खिलाड़ी एवं खेल पत्रकार सुनयन चतुर्वेदी नहीं रहे

SPORTS उत्तर प्रदेश
अलविदा दोस्तः भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में अपने दोस्त सुनयन चतुर्वेदी ( जो अब इस दुनियां में नहीं रहे) के साथ वरिष्ठ पत्रकार लाखन सिंह बघेल। यह चित्र नौ फरवरी 2024 को खींचा गया था।

आगरा, 7 नवंबर। अपने जमाने के टेबिल टेनिस के अच्छे खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स प्रमोटर और खेल पत्रकार सुनयन चतुर्वेदी ने आज आखिरी सांस भोपाल के अस्पताल में ली। 64 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने भरे-पूरे परिवार और दोस्तों को रोते बिलखते छोड़ा।
विगत 6-7 माह पहले सुनयन चतुर्वेदी की वाक करने के दौरान किसी वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल में भर्ती रहे थे लेकिन स्वस्थ हो गये थे। इससे पहले उनको किडनी की कुछ परेशानी रही थी। अभी विगत 31 अक्टूबर को अपराह्न दो बजे के लगभग इनको ब्रेन स्ट्रोक हुआ। तब से आईसीयू और वेंटिलेटर पर थे। आज प्रातः चार बजे भोपाल के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके सुपुत्र रिषभ चतुर्वेदी रिजर्व बैंक भोपाल में कार्यरत हैं।
भोपाल में वे विगत कई साल से न्यूज वर्ल्ड में खेल पत्रकार के रूप में कार्य करते रहे ।

जिला क्रीड़ा अधिकारी मैनपुरी से सेवानिवृत आगरा के मूल निवासी विजय सिंह 1977 से सुनयन चतुर्वेदी के साथ एकलव्य स्टेडियम में टेबिल टेनिस खेलते थे। उनके साथ मनोज त्रिखिया, सजल गुप्ता, अमित राय, सपन भट्टाचार्य, स्व. राजेश त्रिखिया आदि खिलाड़ी टेबिल टेनिस खेलते थे।
सुनयन चतुर्वेदी के बालसखा विजय सिंह का कहना है कि परिवार में उन्होंने सबसे पहले टेबिल टेनिस खेलना शुरू किया। 1977-78 में इन सभी को एकलव्य स्टेडियम के एडहाक कोच स्व. प्रदीप नरायन टीटी सिखाते थे। इसके बाद भाईयों सुचित और सुयश को खेलना शुरू कराया। इनके बड़े भाई सुकेश चतुर्वेदी आगरा के होलमेन स्कूल में शिक्षक थे। रिटायर होने के पश्चात ग्वालियर जाकर बस गये।
पूर्व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी का कहना है कि उनके आगरा कार्यकाल के दौरान सुनयन चतुर्वेदी का खेल प्रोत्साहन में काफी योगदान रहा। चाहे वह जिमनास्टिक हाल का विकास हो अथवा स्टेडियम के विकास का मामला हो। श्री सेठी ने अश्रुपूरित नेत्रों से सुनयन चतुर्वेदी को श्रद्धांजिल अर्पित की।
जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरीसिंह यादव, जुनैद सलीम, संजय गौतम, राजीव सोई, धर्मेंद्र बघेल, अमिताभ गौतम, हरदीप सिंह हीरा, अमरजीत सिंह, वरिष्ठ पत्रकार लाखन सिंह बघेल, अशोक कुमार सिंह डैडी , आगार कैंट स्थित इंदिरा पेठा स्टोर के स्वामी राजेंद्र अग्रवाल उर्फ राजू लाला, एकलव्य स्टेडियम के मुकेश अग्रवाल ने भोपाल के जाने माने खेल पत्रकार सुनयन चतुर्वेदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *