
ओलंपियन एवं पूर्व भारतीय कप्तान रानी रामपाल देंगी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, 18 खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
आगरा। आगरा के खेल जगत के लिए यह गौरव और हर्ष का विषय है कि हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की जिम्मेदारी आगरा को सौंपी है। यह शिविर 10 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, सदर, आगरा में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से चयनित 16 महिला हॉकी खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
इस शिविर का विशेष आकर्षण भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं ओलंपियन रानी रामपाल होंगी, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण में खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी करेंगी। शिविर के उपरांत चयनित भारतीय महिला अंडर-18 टीम FIH Youth Hockeys World Cup में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए काहिरा, मिस्र रवाना होगी। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 7 से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
शिविर के संयोजक राजीव सोई ने बताया कि आगरा को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिविर की मेजबानी मिलना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। शिविर को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, प्रशिक्षण तथा अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर कोच अमिताभ गौतम ने बताया कि शिविर के आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। वहीं अजय सिंह राजपूत एवं दिलीप शर्मा द्वारा मैदान और खेल संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
आगरा को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा सहित हॉकी जगत से जुड़े धर्मेंद्र बघेल, गोपाल भगत, गौरव, के.पी. सिंह, संजय नेहरा, डॉ. जयशंकर एवं गर्जन सिंह सहित अन्य खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आगरा में भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम के राष्ट्रीय शिविर का आयोजन होना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों, विशेषकर महिला हॉकी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और क्षेत्र में महिला हॉकी को बढ़ावा मिलेगा।
खेलप्रेमियों का मानना है कि इस राष्ट्रीय शिविर की मेजबानी से आगरा को देश के खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही यहां की उभरती हुई महिला हॉकी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा भी प्राप्त होगी।


