आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल में राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को विभिन्न राजभाषा संबंधी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
आगरा कैंट स्टेशन पर कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय “हिंदी में काम, हिंदी में संवाद : सरल भाषा से बेहतर कार्यसंस्कृति की ओर” था। प्रतियोगिता में कुल 15 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी के माध्यम से कार्य को अधिक सरल, सहज एवं प्रभावी बनाने से संबंधित अपने विचार व्यक्त किए।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा के गोवर्धन सभा कक्ष में अधिकारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग से आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता का विकास” था। अधिकारियों ने विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए दैनिक जीवन एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन स्टेशन निदेशक श्री संतोष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर आगरा कैंट स्टेशन पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। रेलकर्मियों एवं यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ रेल-परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि आगरा मंडल में राजभाषा पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सरल, सहज एवं प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।


