सीवर लीकेज से प्रभावित हुई कमला नगर मुख्य बाजार सड़क, स्थायी समाधान की तैयारी

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नीरव निकुंज फेस-1 और फेस-2 में सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार, स्वीकृति के बाद होगा कार्य

आगरा। हरीपर्वत जोन क्षेत्र के अंतर्गत कमला नगर मुख्य बाजार मार्ग पर सड़क धंसने की समस्या का कारण भूमिगत सीवर लाइन में रिसाव पाया गया है। कार्यकारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित सीवर लाइन की मरम्मत का कार्य वीए टेक वबाग लिमिटेड द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा मौके पर जीएसबी बिछाकर सड़क को मोटरेबल बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इसी स्थान पर सीवर लाइन में रिसाव के कारण सड़क प्रभावित हुई थी, जिसकी मरम्मत संबंधित एजेंसी द्वारा कराई गई थी।
कार्यकारी मुख्य अभियंता के अनुसार सिकंदरा स्थित नीरव निकुंज क्षेत्र में उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में पाया गया कि नीरव निकुंज फेस-1 में चौधरी बी.एस. सिंह के आवास से श्री दीपक के आवास होते हुए श्री अजय के मकान तक लगभग 41.56 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य में सड़क निर्माण शामिल नहीं था।
उन्होंने बताया कि नीरव निकुंज फेस-1 में सड़क निर्माण के लिए लगभग 45.70 लाख रुपये तथा नीरव निकुंज फेस-2 में सड़क निर्माण के लिए लगभग 102.85 लाख रुपये की लागत का आगणन तैयार किया गया है। सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त होने तथा निविदा एवं विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद दोनों क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। बताया कि क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं और आवश्यक स्वीकृतियों के बाद निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *