नालों पर अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम सख्त, किया अतिक्रमण तो जुर्माना देने को रहें तैयार

Press Release उत्तर प्रदेश

 कावेरी विहार और गोबर चौकी क्षेत्र में आरसीसी स्लैब तोड़कर शुरू कराया सफाई अभियान

 बरसात से पहले नगर निगम का बड़ा अभियान, 20 जून तक सभी नालों की तली झाड़ सफाई के निर्देश

आगरा। बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नालों पर पक्के निर्माण कर सफाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले लोग अब नगर निगम के निशाने पर हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की 20 जून तक तली झाड़ सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि मानसून के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
नगर निगम के सर्वे के दौरान शहर के कई इलाकों में यह सामने आया कि लोगों द्वारा नालों के ऊपर आरसीसी स्लैब डालकर पक्के निर्माण कर लिए गए हैं। इन निर्माणों के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है और नालों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। अधिकारियों के अनुसार यही स्थिति बरसात में जलभराव का प्रमुख कारण बनती है।
गत दिवस शमसाबाद रोड पर नाले का पानी सड़क पर आने से भारी जलभराव हो गया था, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। समस्या को लेकर लोगों ने हंगामा भी किया था। इसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल मौके पर सफाई अभियान चलाया गया और नाले की सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था सुचारु कराई गई।
नगर आयुक्त ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए शहरभर में नालों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि जहां भी नालों पर पक्का अथवा कच्चा अतिक्रमण पाया जाए, उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में शुक्रवार को कावेरी विहार क्षेत्र में नगर निगम के निर्माण विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरसीसी के माध्यम से पाटे गए नाले को खुलवाया। इसके अलावा गोबर चौकी क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए नाले पर से भी आरसीसी स्लैब को ध्वस्त कर नाले को पुनः खोला गया ताकि सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भी चेतावनी दी कि भविष्य में नालों पर किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा और नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:

“बरसात से पहले सभी नालों की प्रभावी सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है। नालों पर किए गए अतिक्रमण जलभराव की बड़ी वजह बन रहे हैं। जहां भी नालों पर पक्का या कच्चा निर्माण पाया जाएगा, उसे तत्काल हटाया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों से तोड़फोड़ और कार्रवाई का खर्च भी वसूला जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि जलनिकासी व्यवस्था को बाधित करने वाले निर्माण न करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *