
—- जलकल विभाग ने 10 मीटर नई लाइन डालकर दूसरी लाइन से जोड़ा
—– टीला बालूगंज में पानी के कम प्रेशर की समस्या भी होगी खत्म
आगरा। छीपीटोला के टीला बालूगंज क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद जलकल विभाग हरकत में आ गया है। जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण ने क्षेत्रीय पार्षद जयदीप सोनकर के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में जलापूर्ति सुधारने के लिए 10 मीटर नई पाइप लाइन डालने का निर्णय लिया।
जलकल महाप्रबंधक संघ भूषण ने बताया कि छीपीटोला जोनल पंपिंग स्टेशन से टीला बालूगंज और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई की जाती है। क्षेत्र टीलानुमा और ऊंचाई पर होने के कारण पानी का प्रेशर पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाता, जिससे लोगों को बहुत कम समय के लिए जलापूर्ति मिलती है। उन्होंने बताया कि इंजीनियरों से तकनीकी राय लेने के बाद दूसरी लाइन से इंटरकनेक्शन का विकल्प तैयार किया गया है। शुक्रवार से कार्य शुरू कर दिया गया। करीब 10 मीटर लंबी पाइप लाइन डालकर उसे दूसरी लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे ऊंचाई वाले हिस्सों में भी पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंच सकेगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। महिलाओं का कहना था कि भीषण गर्मी में पानी की आपूर्ति बाधित होने से घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की।
वहीं दूसरी ओर जगदीशपुरा के किशोरपुरा क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या को लेकर जलकल महाप्रबंधक को अवगत कराया गया। आरोप है कि नालों से गुजर रही पाइप लाइनों में लीकेज होने के कारण सप्लाई के दौरान दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। महाप्रबंधक जलकल ने इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन लोगों को दिया है।


