
—- नगर निगम सदन सभागार में हुआ अंतरराष्ट्रीय संवाद, आगरा नगर निगम की कार्यप्रणाली से प्रभावित हुए विदेशी मेहमान
आगरा। शहर के विकास मॉडल और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ब्रिक्स प्लस देशों के प्रतिनिधियों का एक दल नगर निगम आगरा पहुंचा। इस दल में ब्रिक्स प्लस देशों के नगर निकायों के मेयर, अध्यक्ष व सदस्य मौजूद थे। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने माल्यार्पण कर विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। इसके उपरांत नगर निगम सदन सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मेयर ने आगरा में संचालित स्मार्ट सिटी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया कि आगरा में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत आधारभूत संरचना के विकास, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने शहर में लागू की गई विभिन्न योजनाओं और उनके सकारात्मक परिणामों को विस्तार से समझाया। महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को आगरा न केवल ताजमहल की नगरी है, बल्कि आगरा पारंपरिक मूल्यों और बढ़ते तकनीकी विकास का भी संगम है। हमने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत अब तक कई प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक लागू किया है, जो बेहतर नागरिक सुविधाओं को नई दिशा दिखा रहे हैं।
विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों की कार्यप्रणाली को गहराई से समझा और विभिन्न प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन के बारे में सवाल-जवाब भी किए। प्रतिनिधियों ने आगरा नगर निगम द्वारा अपनाई गई व्यवस्थाओं और नवाचारों की सराहना करते हुए इसे अन्य शहरों के लिए प्रेरणादायक बताया। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम सदन का निरीक्षण कर यहां की कार्यप्रणाली को समझा।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम के अलावा स्मार्ट सिटी के डाटा आफीसर सौरभ अग्रवाल,पार्षद शेरा, अमित पटेल, जयदीप सोनकर, राधारानी, प्रवीणा राजावत, हेमलता चौहान, अनुराग चतुर्वेदी, प्रदीप अग्रवाल, मुन्ना प्रजापति, विक्रम कुशवाहा सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने आगरा में किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य में इस प्रकार के आदान-प्रदान को और मजबूत करने की बात कही।


