
—- अधिकारियों ने समीक्षा बैठक कर तैयारियों का लिया गया जायजा
—- बरसात से पहले नालों की सफाई तेज करने के निर्देश, सभी जोनों के अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
आगरा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर में विशेष नाला सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के आदेश के अनुपालन में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार से नालों की तली झाड़ सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर निगम के सभी जोनों में नालों की सफाई की स्थिति और अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अब तक कराई गई नाला सफाई की जानकारी प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने निर्देश दिए कि विशेष नाला सफाई अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नालों की सफाई शेष है, वहां तेजी से कार्य कराते हुए अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित सभी जोनल सैनिटरी अधिकारी (जेडएसओ) और सेनेटरी फील्ड इंस्पेक्टर (एसएफआई) मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से नालों की सफाई की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा रखने और जलभराव की समस्या से बचाने के लिए विशेष नाला सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी जोनों में युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है।


