
आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शासन के निर्देश पर 15 मार्च तक महिला सशक्तिकरण को समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला के तहत आज नगर निगम द्वारा महिलाओं के साथ स्वच्छता विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने घर-परिवार के साथ-साथ पूरे मोहल्ले में स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यशाला के दौरान महिलाओं को घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नगर निगम की टीम ने उपस्थित महिलाओं को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि यदि घरों में ही कचरे को अलग-अलग किया जाए तो शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इसके साथ ही होम कम्पोस्टिंग के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि घरों से निकलने वाले गीले कचरे का उपयोग खाद के रूप में किया जा सके। महिलाओं को यह भी बताया गया कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग कर पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है और स्वच्छता अभियान को मजबूती मिल सकती है।मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने की। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्वच्छता की इस पहल को अपने घरों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और पूरे मोहल्ले को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वच्छता से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं और नगर निगम की टीम ने उनके सवालों के जवाब देकर उन्हें व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर महिलाओं ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प भी लिया।


