मौहल्ला समाधान दिवस में 312 शिकायतें दर्ज, त्वरित निस्तारण के लिए विभागों को सौंपे गए प्रकरण

Press Release उत्तर प्रदेश

—- गोबर चौकी ताजगंज में सबसे अधिक 107 और अलबतिया में 82 शिकायतें पहुंचीं, अधिकारियों ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

आगरा। नगर निगम द्वारा शहरवासियों की समस्याओं का उनके वार्डों में ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित मौहल्ला समाधान दिवस में शुक्रवार को नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शहर के चारों जोनों में लगाए गए शिविरों में कुल 312 शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतों का पंजीकरण करने के बाद उन्हें संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दिया गया है। नगर निगम प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मौहल्ला समाधान दिवस के दौरान लोगों ने मुख्य रूप से जलभराव, सीवर चोक, नालियों की सफाई, टूटी सड़कें, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा उठान, सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण जैसी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कई स्थानों पर अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायतों का परीक्षण कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि निर्माण एवं तकनीकी कार्यों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित शाखाओं को भेजा गया।
सबसे अधिक शिकायतें ताजगंज जोन में दर्ज की गईं, जहां कुल 140 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें वार्ड-97 गोबर चौकी से अकेले 107 शिकायतें आईं, जबकि वार्ड-02 नन्दपुरा से 33 शिकायतें दर्ज कराई गई। लोहामण्डी जोन में कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं। यहां वार्ड-73 अलबतिया से 82 और वार्ड-03 जगदीशपुरा से 30 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
हरीपर्वत जोन में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें वार्ड-28 जागेश्वर नगर से 13 तथा वार्ड-93 बजीरपुरा** से 22 शिकायतें शामिल रहीं। वहीं छत्ता जोन में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें वार्ड-01 काजीपाड़ा से 21 तथा वार्ड-58 नराचय पश्चिम से 4 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मौहल्ला समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के चक्कर लगाने से राहत देना है। इसके तहत अधिकारी सीधे वार्डों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनते हैं और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका शीघ्र निस्तारण कराते हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से 15 अगस्त से शासन द्वारा गृहकर, सीवर और जलकर के लिए शुरू की जा रही ओटीएस स्कीम का लाभ उठाने की अपील भी की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *