—- बल्केश्वर पार्क म्यूनिसिपल मार्केट और लेबर कालोनी बल्केश्वर में कार्रवाई,
आगरा। नगर निगम की संपत्तियों का किराया जमा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने शहर के दो स्थानों पर अभियान चलाते हुए कुल 4 लाख 70 हजार 401 रुपये का किराया वसूल किया, जबकि कई दुकानों पर कार्रवाई करते हुए ताला भी लगाया गया।
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि नगर निगम की संपत्तियों का किराया लंबे समय से बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। बकायेदारों को पहले मांग नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी किराया जमा न करने पर अब मौके पर पहुंचकर वसूली और ताला लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम की टीम ने लेबर कालोनी बल्केश्वर म्यूनिसिपल मार्केट में अभियान चलाकर कई दुकानदारों से किराया वसूला। इस दौरान दुकान संख्या 1 के दुकानदार लाल सिंह से 1,05,000 रुपये चेक के माध्यम से जमा कराए गए, जबकि दुकान संख्या 2 और 3 के दुकानदार लेखराज ने क्रमशः 31,925 रुपये और 36,633 रुपये जमा कर बकाया का भुगतान किया। दुकान संख्या 4 के कृष्ण लाल ने 36,581 रुपये जमा किए।
इसी प्रकार बल्केश्वर पार्क म्यूसिपल मार्केट की दुकान संख्या 7 के कमल कुमार ने 47,421 रुपये, दुकान संख्या 14 के नाथूराम ने 83,622 रुपये, दुकान संख्या 38 के गुलशन कुमार ने 46,602 रुपये और दुकान संख्या 45 के रामचंद्र जायसवाल ने 50,617 रुपये जमा कर अपना बकाया पूरा किया। जबकि दुकान संख्या 10 के बनारसीदास 51321, दुकान संख्या 37 के दीपचंद पर 96786 और दुकान संख्या 58 की दुकानदार अंजू रानी पर 106990 की देनदारी थी लेकिन किराया जमा न करने पर दुकानों पर नगर निगम ने ताला जड़ दिया। दुकान संख्या 11 के दुकानदार रवि शाक्य ने बकाया धनराशि 63871 में से 32,000 रुपये चेक से जमा किए।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किराया जमा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक (आरआई) शालिनी सिंह द्वारा किया गया।


