आगरा, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश राज्य अंडर-14 बालिका फुटबाल टीम के लिये स्टेट लेबल कैंप का आयोजन आगरा के एकलव्य स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें पूरे प्रदेश की बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं। विगत 23 अगस्त से लेकर 15 दिन का कैंप यहां चल रहा है। जिसके कोच रवि पूनियां हैं। खेल विभाग की ओर से श्रीमती पूजा भट्ट प्रशिक्षक नियुक्त की गयी हैं। वे सलेक्टर भी हैं और टीम के साथ आँध्र प्रदेश में अनंतपुर भी महिला कोच की हैसियत से जाएंगी।
मंगलवार को सुबह 8 बजे के लगभग कोच रवि पूनियां बालिकाओं को गोल करने की प्रैक्टिस करा रहे थे। जिसमें कम ही बालिकाएं गोलपोस्ट मेंं गेंद डाल पा रही थीं। इसके पश्चात उनके द्वारा इन खिलाड़ियों को दौड़ने की भी प्रैक्टिस करायी गयी। कुल मिलाकर कोच द्वारा कड़ी मेहनत करायी जा रही है। कभी कोच कुर्सी पर बैठकर कोचिंग दे रहे थे तो कभी खड़े होकर खिलाड़ियों को फुटबाल के गुर सिखा रहे थे। भीषण गर्मी के मौसम में इन खिलाड़ियों द्वारा कड़ी मेहनत की जा रही है। जो देखते ही बन रही है।
राज्य फुटबाल संघ द्वारा उप्र खेल निदेशालय के समन्वय से कैंप का आयोजन किया गया है। जिसमें मंडल स्तर से चयनित होकर बालिकाएं आयी हुई हैं। कैंप के पश्चात टीम का चयन किया जाएगा। उसके लिये खेल विभाग के चयनकर्ता आगरा आएंगे। उनके द्वारा टीम का चयन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की अंडर-14 की बालिका टीम नेशनल खेलने के लिये आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जाएगी।
खेल विभाग के सहयोग से आयोजित राज्य शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण आगरा फुटबाल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान द्वारा किया जा रहा है।


