आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा आज दिनांक 20.09.2026 को आगरा मंडल के आगरा कैंट–टूंडला रेलखंड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा राजा की मंडी, आगरा सिटी, कुबेरपुर, एत्मादपुर एवं आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।
इसके साथ ही रेलखंड में चल रहे विभिन्न अधोसंरचना कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा पर विशेष फोकस रखते हुए ट्रैक, सिग्नल एवं अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा रेल परिचालन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशनों एवं रेलखंड पर यात्री सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने तथा यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


