सार्वजनिक सड़क पर पिलर खड़े करने की कोशिश नाकाम, नगर निगम टास्कफोर्स ने रुकवाया निर्माण

Press Release उत्तर प्रदेश

 भगवान टॉकीज क्षेत्र में सड़क खोदकर कब्जे की तैयारी, निगम ने औजार जब्त कर दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

आगरा। सार्वजनिक संपत्तियों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में भगवान टॉकीज के पास वार्ड संख्या-72 में सार्वजनिक सड़क को खोदकर भवन निर्माण के लिए पिलर खड़े करने के प्रयास को नगर निगम प्रशासन ने समय रहते विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य तत्काल रुकवाया गया तथा मौके से निर्माण में प्रयुक्त औजार भी जब्त कर लिए गए।
नगर निगम प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई थी कि भगवान टॉकीज क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक सड़क की भूमि पर अतिक्रमण करने की नीयत से सड़क खोदकर भवन निर्माण हेतु पिलर स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही नगर निगम की टास्कफोर्स अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भगवान टॉकीज किरन काम्प्लेक्स शराब ठेके के बगल वाली गली में भवन के छज्जे को सपोर्ट देने के लिए दीपक गुप्ता नामक व्यक्ति द्वारा सड़क की खुदाई कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा था। निगम अधिकारियों ने तत्काल निर्माण कार्य को रुकवाते हुए मौके पर मौजूद मजदूरों को हटाया तथा खुदाई और निर्माण कार्य में प्रयुक्त तसले, फावड़े सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए। अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्ग अथवा निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक सड़कें आम नागरिकों के आवागमन के लिए होती हैं और उन पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण न केवल अवैध है बल्कि यातायात और जनसुविधाओं के लिए भी बाधक बनता है। यदि भविष्य में दोबारा इस प्रकार का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम द्वारा शहरभर में सार्वजनिक भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालों पर किए जा रहे अतिक्रमणों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

—- नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जहां भी सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जे या अवैध निर्माण का प्रयास मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाया जाएगा और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और नागरिक हितों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *