—– सड़क, डिवाइडर और सार्वजनिक स्थलों की हुई व्यापक सफाई
आगरा। स्वच्छ भारत मिशन 3.0 के अंतर्गत स्वच्छता के लिए सोमवार को नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या-72 के करबला गेट इमामबाड़ा क्षेत्र में विशेष महा सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं नागरिकों के लिए बेहतर बनाना रहा।
नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस अभियान में क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों, सार्वजनिक स्थलों तथा वेस्ट टू वंडर पार्क के आसपास विशेष सफाई कराई गई। सफाई कर्मचारियों ने सड़क किनारे जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही झाड़ियों एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण किया। अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति आमजन को भी जागरूक किया गया तथा शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम की निगरानी एसएफआई जागेंद्र प्रताप सिंह तथा जोनल इंस्पेक्टर गुलफाम अंसारी के निर्देशन में की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि शहर की स्वच्छता के लिए लगातार शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही नागरिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि आगरा को स्वच्छता के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में शामिल किया जा सके।


