आगरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान आगरा मंडल द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा, सुचारु रेल संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों ने समर्पण एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। मेला अवधि के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिनांक 27 अगस्त, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक,आगरा श्री गगन गोयल द्वारा 35 कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंडल सभागार/गोवर्धन हॉल में किया गया। इस अवसर पर संकेत एवं दूरसंचार, यांत्रिक, चिकित्सा, वाणिज्य, विद्युत, कार्मिक, परिचालन, स्काउट एवं गाइड, रेलवे सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग, वित्त तथा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कृत कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुड़िया पूर्णिमा मेला जैसे विशाल आयोजन के दौरान रेलकर्मियों द्वारा टीम भावना एवं समर्पण के साथ किया गया कार्य यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मेला अवधि के दौरान रेल परिचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, अरुण सिंह तोमर सहित मंडल के अन्य शाखा अधिकारीगण उपस्थित रहे।


