आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आगरा मंडल द्वारा विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल महोत्सव के अंतर्गत बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस तथा ट्रैक एंड फील्ड सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें मंडल के रेलकर्मी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। यह खेल प्रतियोगिताएं 25 अगस्त से 29 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है | यह आयोजन पदमभूषण सम्मानित मेजर ध्यानन्द की याद में किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 27 अगस्त, 2026 को आगरा मंडल में अधिकारियों के मध्य बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें श्री सुबोध राजपूत, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर एवं श्री उमेश मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर की टीम ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। श्री राजकुमार वर्मा, मंडल यात्रिक इंजीनियर (ओ एंड एफ) एवं श्री अमन कुमार, रेलवे मजिस्ट्रेट की टीम ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि श्री अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं श्री रजत पोरवाल, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कै. एवं वै.) की टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य रेलकर्मियों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, आपसी सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। खेल दिवस के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रेलकर्मी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं।


