आईजीआरएस : समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त सख्त, शिकायतों के निस्तारण में देरी पर लगाई फटकार
आगरा। आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में देरी और निर्माण संबंधी शिकायतों की सही जानकारी नहीं दे पाने पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं से शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अभियंताओं की जमकर क्लास लगाई और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर नगर आयुक्त ने पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार का वेतन काटने का आदेश दिया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में शिकायतों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। केवल कागजों में शिकायत का निस्तारण दिखाने के बजाय अधिकारी मौके पर जाकर समस्या की वास्तविक स्थिति देखें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के बाद ही निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
—- मौके पर जाकर करें निस्तारण, शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर भी लें
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समयसीमा में मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएं। निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर भी कराए जाएं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि संबंधित व्यक्ति की समस्या का समाधान हुआ है। मौके पर निरीक्षण और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को फोटो भी उपलब्ध कराने होंगे, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों जरूरी हैं। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण और जरूरी साक्ष्य उपलब्ध होने चाहिए। समयसीमा के भीतर शिकायत का निस्तारण नहीं करने वाले अधिकारियों को डिफाल्टर की श्रेणी में आने पर सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
—– निर्माण संबंधी शिकायतों पर विशेष निगरानी
निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं से जवाब-तलब किया। शिकायतों की स्थिति और निस्तारण संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रस्तुत नहीं कर पाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत अरविंद श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि सहायक अभियंता को प्रभारी बनाने के साथ निस्तारित मामलों की आख्या समय से मंगाने की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जाए। इसका उद्देश्य शिकायतों की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाना और लंबित मामलों के निस्तारण में होने वाली देरी को रोकना है।
बैठक में नगर आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा करें। जिन शिकायतों का निस्तारण हो चुका है, उनकी आख्या समय से प्रस्तुत की जाए और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने दोहराया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, सीटीओ शिवकुमार गौतम सहित जोनल अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी और जलकल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


