बारहखंभा अंडरग्राउंड नाला खोलने में जुटा नगर निगम, 30 सफाईकर्मी तैनात

Press Release उत्तर प्रदेश

—– घास की मंडी के कई मोहल्लों में जलभराव से सैकड़ों लोग परेशान, पंप लगाकर निकाला जा रहा पानी

आगरा। बारहखंभा क्षेत्र में रेलवे द्वारा कराए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य के चलते रेलवे लाइन के नीचे से गुजर रहे अंडरग्राउंड नाले में मिट्टी भर जाने से घास की मंडी क्षेत्र के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। नाले का प्रवाह बाधित होने के कारण गलियों में पानी भर गया है, जिससे सैकड़ों स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने जलभराव से राहत दिलाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। गलियों से पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं, वहीं अंडरग्राउंड नाले की सफाई का काम भी शुरू करा दिया गया है। यह लिंक नाला नगला छउआ की ओर निकलता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नगर निगम की टीम बारहखंभा अंडरग्राउंड नाले की पुलिया को खोलने और उसमें जमा मिट्टी व सिल्ट हटाने में जुटी हुई है। नाले में मिट्टी भर जाने से पानी की निकासी प्रभावित हुई है। इसके चलते घास की मंडी क्षेत्र की गलियों में पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने के साथ ही आवागमन में भी दिक्कतें आ रही हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की टीम नाले की सफाई कर पानी की निकासी सुचारु करने का प्रयास कर रही है।

—- 30 सफाईकर्मी लगाए, मौके पर अधिकारी कर रहे निगरानी

जलभराव की समस्या से प्रभावित लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने 30 सफाईकर्मियों को तैनात किया है। कर्मचारी अंडरग्राउंड नाले की सफाई कर उसमें जमा मिट्टी और अन्य अवरोध हटाने में लगे हैं। इसके साथ ही पंपों की मदद से गलियों में भरे पानी को बाहर निकाला जा रहा है, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
क्षेत्रीय जेडएसओ मनोज पाल और एसएफआई राघवेंद्र सिंह लगातार मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी कर रहे हैं। दोनों अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, जिससे नाले की सफाई और जलनिकासी का काम तेजी से पूरा किया जा सके। नगर निगम की टीम का प्रयास है कि नाले का अवरोध दूर कर पानी का बहाव सामान्य किया जाए, जिससे क्षेत्र में दोबारा जलभराव की स्थिति न बने।

—- 24 घंटे में समाधान की उम्मीद

नगर निगम प्रशासन की ओर से जलभराव से प्रभावित मोहल्लों में पानी निकालने के साथ ही अंडरग्राउंड नाले को साफ करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एसएफआई के अनुसार, मौके पर सफाईकर्मियों की टीम लगातार काम कर रही है। नाले की सफाई और जलनिकासी में कोई बाधा नहीं आई तो आगामी 24 घंटों में समस्या का पूरी तरह समाधान होने की संभावना है। फिलहाल नगर निगम की टीम का पूरा ध्यान नाले की पुलिया खोलने, मिट्टी हटाने और प्रभावित गलियों से पानी निकालकर लोगों को जल्द से जल्द राहत दिलाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *