सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण पर विशेष जोर
आगरा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के निर्देशन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरिश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत 30 सितंबर 2026 को ‘सफाई मित्र सुरक्षा, सेवा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा।
इस अवसर पर सफाई मित्रों के लिए एकल-खिड़की स्वास्थ्य जांच शिविर आगरा एवं मथुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित किए गए, जिसमें संविदा पर कार्यरत स्वच्छता एवं ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सेवा (ओबीएचएस) कर्मचारियों, रेलपथ के आसपास सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों तथा रेलवे कॉलोनियों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों एवं उनके आश्रितों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। साथ ही पात्र सफाई मित्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना सहित विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की गई।
आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सफाई मित्रों एवं स्वच्छाग्रहियों का सम्मान भी किया गया। इन कार्यक्रमों में मंडल के अधिकारियों एवं स्थानीय नेतृत्व की सहभागिता रही।
रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण का ध्यान रखना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने में सफाई कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
आगरा मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक कल्याण से संबंधित गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।


