आगरा। उद्यान विभाग द्वारा फल-फूल एवं सब्जियों के बीज बिचौलियों के जरिये उपलब्ध कराये जाते है जिसमें कई बार नकली बीज आ गये है जिससे किसानों को उनकी फसल की कम पैदावार पर खून के आंसू बहाने पड़े है। हम किसानों ने इन मामलों की कई स्तर पर शिकायत की गयी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुयी। फल-फूल सब्जियों के बीज सीधे डी.बी.टी. माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराये जाये, बिचौलियों वाली व्यवस्था को समाप्त करते हुये सरकारी डीबीटी (छूट) का लाभ सीधे किसानों के खाते में भेजी जाये। इस संबंध में आज किसान दिवस के दौरान एक ज्ञापन जिला कृषि अधिकारी डा. विनोद कुमार को दिया।
उद्यान विभाग द्वारा किसानों को दिये जाने वाले ट्रैक्टर काफी कम हार्स पावर के हैं। इनको 20 एचपी से अधिक के ट्रैक्टर दिये जाये जिससे किसानों की खेती, जुताई आदि ठीक से कर सके। इनके साथ आलू की खुदाई, बुबाई एवं छटाई की मशीनों को जोडा जाये जिससे आधुनिक युग में आलू उत्पादक किसानों को राहत मिल सके।
आगरा जनपद में जंगली जानवरों द्वारा किसानों की फसल को काफी नुकसान किया जाता है इसको रोकने के लिये उद्यान विभाग द्वारा कार्य योजना तैयार कर तार फैंसिंग एवं झटका मशीन को जोड़ा जाये और फैंसिंग का लक्ष्य बढाया जाये।
कोल्ड स्टोर स्वामियों द्वारा भाडे़ में लगातार की जा रही मनमानी बढोत्तरी को रोका जाये। सरकार के स्तर पर न्यूनतम भाड़ा तय किया जाये। ज्ञापन देने वालों में ताज आगरा आलू उत्पादक किसान सेवा समिति के प्रदेश महासचिव लक्ष्मीनरायन बघेल, भाजपा नेता मोहन सिंह चाहर, भगवान सिंह त्यागी, सोमवीर यादव, मुकेश पाठक आदि थे।


