आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अरुण सिंह तोमर के निर्देशन में आगरा मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक कर्मचारी कल्याण, पदोन्नति, वित्तीय उन्नयन, अनुकंपा नियुक्ति एवं भर्ती परीक्षाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए।
इस अवधि में विभिन्न विभागों एवं श्रेणियों के कुल 666 कर्मचारियों को चयन, पात्रता, ट्रेड टेस्ट एवं अपग्रेडेशन के माध्यम से उच्च ग्रेड में पदोन्नति प्रदान की गई, जबकि 470 कर्मचारियों को MACP के अंतर्गत वित्तीय उन्नयन का लाभ दिया गया।
कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत कुल 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई।
इस अवधि में 204 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनके समस्त सेवानिवृत्ति देयकों का भुगतान ई-पेमेंट के माध्यम से उनके खातों में किया गया। इसके अतिरिक्त, कुल 41 ONR मामलों का निस्तारण कर संबंधित देयकों का भुगतान भी ई-पेमेंट के माध्यम से किया गया।
भर्ती एवं चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 3 शेड्यूल में कुल 16 CBT परीक्षाओं का आयोजन किया गया।
आगरा मंडल का कार्मिक विभाग कर्मचारियों के कल्याण, सेवा संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण, पारदर्शिता एवं बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।


