आगरा के प्रशांत भारद्वाज को भारतीय लैक्रोस टीम की अहम जिम्मेदारी

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा। आगरा के रहने वाले एवं खेल क्षेत्र में सक्रिय प्रशांत भारद्वाज को आगामी मलेशियन लैक्रोस टूर्नामेंट 2026 के लिए भारतीय लैक्रोस टीम का हेड ऑफ डेलीगेशन नियुक्त किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 से 30 अगस्त तक कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित होगी। प्रशांत भारद्वाज वर्तमान में गलगोटिया विश्वविद्यालय में सहायक खेल निदेशक (Assistant Director of Sports) के पद पर कार्यरत हैं। खेल प्रशासन एवं खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के CEO तौसीफ अहमद लारी ने प्रशांत भारद्वाज को भारतीय टीम के हेड ऑफ डेलीगेशन की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को भारतीय लैक्रोस के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मलेशिया में होने वाला यह टूर्नामेंट आगामी ओलंपिक क्वालिफायर की तैयारियों की दृष्टि से भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी तैयारियों, रणनीति और प्रदर्शन को परखने का अवसर मिलेगा।

प्रशांत भारद्वाज की इस उपलब्धि से आगरा और उत्तर प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना आगरा के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि पर लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विनोद बंसल , कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा , अभिषेक शर्मा , डा रीनेश मित्तल एवं हरेंद्र प्रताप शर्मा ने प्रशांत भारद्वाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशांत भारद्वाज की यह उपलब्धि आगरा और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है तथा उनके नेतृत्व में भारतीय टीम मलेशिया में शानदार प्रदर्शन करेगी।

वहीं, लैक्रोस इंडिया के संरक्षक एवं गलगोटिया विश्वविद्यालय के CEO डॉ. ध्रुव गलगोटिया तथा लैक्रोस इंडिया के CEO शकील खान ने भी प्रशांत भारद्वाज एवं पूरी भारतीय लैक्रोस टीम को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।प्रशांत भारद्वाज की यह उपलब्धि आगरा और उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। भारतीय लैक्रोस टीम का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेना देश में लैक्रोस को नई पहचान दिलाने तथा आगामी ओलंपिक क्वालिफिकेशन की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *