12 जुलाई को वृक्षारोपण महाअभियान में 24 राज्य विवि, 56 निजी विवि व 8000 महाविद्यालय लेंगे भाग
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दिए मियावाकी पद्धति से हरित वाटिका विकसित करने के निर्देश
लखनऊ, 10 जुलाई, 2026 ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 20 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। योगी सरकार के इस हरित महाअभियान को सफल बनाने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने गुरुवार को समीक्षा बैठक कर विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने आगरा में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की और कहा कि योगी सरकार केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके दीर्घकालिक संवर्धन को भी समान रूप से महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में विभाग से जुड़े लगभग 50 लाख विद्यार्थियों, 24 राज्य विश्वविद्यालयों, 56 निजी विश्वविद्यालयों तथा लगभग 8,000 महाविद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह अभियान प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से भी प्रेरित है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ घर के आसपास भी पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन का रूप ले सके।
उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में औषधीय, छायादार तथा फलदार पौधों का रोपण किया जाए, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के लिए भी उपयोगी हों। उन्होंने कहा कि जिन विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चारदीवारी उपलब्ध नहीं है, वहां परिसर की सीमाओं पर पौधारोपण कर प्राकृतिक हरित बाउंड्री विकसित की जाए। वहीं, जिन परिसरों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां मियावाकी पद्धति से सघन हरित वाटिकाएं विकसित की जाएं, जिससे कम स्थान में अधिक हरियाली विकसित हो सके।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी पौधों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड, नियमित सिंचाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। प्रत्येक नोडल अधिकारी एवं शिक्षक स्वयं भी कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रत्येक संस्थान पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए उदाहरण बन रहा है। यह महाअभियान केवल वृक्ष लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और हरित वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने सभी कुलपतियों, प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाकर प्रदेश को हरित बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


