संजय प्लेस में कपड़े के 200 थैले वितरित, प्लास्टिक मुक्त बाजार का संदेश
आगरा। अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड पेपर बैग डे के अवसर पर नगर निगम ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर कपड़े के थैले वितरित कर आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या पेपर बैग इस्तेमाल करने का संदेश दिया ।
इसी क्रम में हरी पर्वत जोन स्थित शहर के प्रमुख व्यावसायिक स्थल संजय प्लेस मार्केट में नगर निगम द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में संजय प्लेस कम्प्यूटर मार्केट एसोसिएशन की सहभागिता उल्लेखनीय रही। एसोसिएशन की ओर से बाजार में आए ग्राहकों और दुकानदारों को कपड़े के 200 थैले वितरित किए गए, साथ ही प्लास्टिक बैग से होने वाले पर्यावरणीय और स्वास्थ्यगत नुकसान के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एस. सेंगर, मीडिया प्रभारी चतुर्भुज तिवारी, हीरेन मित्तल, दीप सिंह,यशपाल,नितिन और धर्मेन्द्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर निगम की ओर से एस.एफ.आई. राघवेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया और लोगों को स्वच्छ एवं टिकाऊ विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए घातक है। यह न केवल भूमि और जल स्रोतों को प्रदूषित करता है, बल्कि जलीय जीवों और पशुओं के जीवन के लिए भी खतरा बन चुका है। कपड़े और पेपर बैग जैसे विकल्प न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि यह स्थानीय कारीगरों और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार का माध्यम भी बन सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल थैले बांटना था, बल्कि लोगों के व्यवहार में स्थायी बदलाव लाना भी था, जिससे शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके।


