
आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान की थीम “जलवायु परिवर्तन — धरती माँ की चुनौतियाँ” के अनुरूप आगरा मंडल हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ खड़ा है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री आर.के. बघेला के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्रों के उत्कृष्ट रख-रखाव एवं सघन मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप मंडल ने इस वित्तीय वर्ष में कुल 15.23 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया।
सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से आगरा मंडल को वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग रु 80.41 लाख की राजस्व बचत प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि न केवल रेलवे की ऊर्जा आवश्यकताओं को हरित स्रोतों से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में भी एक सराहनीय प्रयास है एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 में आगरा मंडल द्वारा कुल 15.15 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया था, जिससे लगभग रु 63.51 लाख की शुद्ध राजस्व बचत प्राप्त हुई थी। इसके मुकाबले वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग रु 16.90 लाख अधिक की बचत दर्ज की गई है, जो मंडल द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे सतत एवं प्रभावी प्रयासों को दर्शाता है।
आगरा मंडल की कुल स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता 1789.45 KWP है। मंडल के विभिन्न प्रमुख परिसरों एवं स्टेशनों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से आगरा कैंट स्टेशन, आगरा फोर्ट स्टेशन, रेल चिकित्सालय, रनिंग रूम, ईदगाह स्टेशन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, सिक लाइन, मथुरा जंक्शन, द्वितीय प्रवेश द्वार तथा बाद स्टेशन शामिल हैं।
आगरा मंडल भविष्य में भी हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देते हुए पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष रेलवे संचालन के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।भारतीय रेलवे “नेट जीरो कार्बन एमिशन” के लक्ष्य की दिशा में सतत कार्यरत है और आगरा मंडल इस राष्ट्रीय संकल्प में अपना सक्रिय योगदान दे रहा है। सौर ऊर्जा के माध्यम से परंपरागत ग्रिड पर निर्भरता कम करना न केवल आर्थिक दृष्टि से लाभकारी है, बल्कि यह कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है।


