आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दिनांक 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल स्तर पर व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है|
इसी क्रम में आज दिनांक 25.05.2026 को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा उसके रोकथाम के उपायों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनो पर जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) एवं अन्य इच्छुक संगठनों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित कर उन्हें प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान तथा प्लास्टिक के कम उपयोग एवं उसके उचित निस्तारण के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए दैनिक जीवन में पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
इसके अतिरिक्त खानपान एवं अन्य सेवाओं से जुड़े सेवा प्रदाताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं को वर्जिन प्लास्टिक उत्पादों के स्थान पर पुनर्चक्रित (Recycled) एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया।। मंडल रेल प्रबंधक आगरा के निर्देशन में यह अभियान मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में निरंतर चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा मिशन LiFE के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में रेलवे कर्मचारियों हेतु कार्यशालाएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम, अपशिष्ट प्रबंधन अभियान एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” पर संचालित यह अभियान हम सभी के लिए एक सशक्त संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। आइए, हम सभी मिलकर अपने रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें।


