आगरा। महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे, आगरा द्वारा दिनांक 20 सितंबर 2026 को अधिकारी क्लब, आगरा में कर्मचारियों के बच्चों के लिए ‘ऑन-द-स्पॉट’ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल की अध्यक्षता में किया गया। यह प्रतियोगिता भारतीय रेल में एक साथ एवं एक ही दिन आयोजित की गई।
प्रतियोगिता को बच्चों की आयु के आधार पर तीन समूहों में विभाजित किया गया। ग्रुप-1 (6 से 9 वर्ष), ग्रुप-2 (10 से 12 वर्ष) तथा ग्रुप-3 (13 से 15 वर्ष) के बच्चों के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे।
ग्रुप-1 के लिए ‘फलों की टोकरी’, ‘रेल गाड़ी’ एवं ‘मेरा पसंदीदा कार्टून’, ग्रुप-2 के लिए ‘विद्यालय की पिकनिक’ एवं ‘सुंदर बगीचा’, जबकि ग्रुप-3 के लिए ‘शादी का दृश्य’ एवं ‘माता-पिता के साथ रेल यात्रा’ विषय निर्धारित किए गए। बच्चों ने निर्धारित विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से आकर्षक ढंग से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता के तीनों समूहों में कुल 65 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में काफी उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल, उपाध्यक्षा श्रीमती सुष्मा अग्रवाल, सचिव श्रीमती मोनिका सिंह तथा संगठन की सदस्य श्रीमती रेनू प्रसाद, डॉ. सविता त्रिपाठी, श्रीमती मोनिका रमन एवं श्रीमती अस्मिता अग्रहरी उपस्थित रहीं।
महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उनमें कला के प्रति रुचि और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के बौद्धिक एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे, आगरा द्वारा भविष्य में भी बच्चों के लिए इस प्रकार की विभिन्न रचनात्मक एवं प्रतिभा-विकास संबंधी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में कल्याण निरीक्षक श्री राजेश कुमार का विशेष सहयोग रहा l


