ताजगंज के 9 वार्डों में जल–सीवर व्यवस्था जलकल विभाग को सौंपी गई

Press Release उत्तर प्रदेश

अब जल और सीवर कनेक्शन के लिए सीधे जलकल विभाग से करना होगा संपर्क

आगरा। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत ताजगंज क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज नेटवर्क से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इसके बाद इन कार्यों को विधिवत रूप से जलकल विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है। अब इन क्षेत्रों में जल और सीवर से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का संचालन और रखरखाव जलकल विभाग द्वारा किया जाएगा।
ताजगंज क्षेत्र के कुल 9 वार्ड—नगला मेवाती, धान्धूपूरा, विभव नगर, कटरा फुलेल, तेलीपाड़ा, रावतपाड़ा, मोतीगंज, पीपल मंडी और हज्जूपुरा में पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही आधा दर्जन गांव—तोरा, कलाल खेरिया, मायापुर, बुधेरा, कुआंखेड़ा और आगरा कैंट के आंशिक भाग भी इस योजना में शामिल हैं।
हैंडओवर प्रक्रिया उत्तर प्रदेश जल सम्भरण एवं सीवर व्यवस्था अधिनियम, 1975 की धारा 100 (क) के अंतर्गत की गई है। अब इन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को जल अथवा सीवर से संबंधित किसी भी प्रकार के नए घरेलू या गैर-घरेलू कनेक्शन के लिए आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड नहीं, बल्कि सीधे जलकल विभाग, आगरा से संपर्क करना होगा। साथ ही यदि किसी नागरिक को पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन, जाम, लीकेज या अन्य तकनीकी समस्याओं से संबंधित कोई शिकायत है, तो उसका निस्तारण भी जलकल विभाग द्वारा किया जाएगा। इससे एक ही विभाग के माध्यम से समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा और सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी। यह व्यवस्था जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि नागरिकों को स्थायी, सुचारु और बेहतर जल एवं सीवर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

—नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड अंकित खंडेलवाल के अनुसार
“स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत ताजगंज क्षेत्र में जल और सीवर से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए गए हैं। अब इनका संचालन और रखरखाव जलकल विभाग द्वारा किया जाएगा। इससे आम नागरिकों को एक ही विभाग से कनेक्शन और शिकायत निस्तारण की सुविधा मिलेगी तथा सेवाओं में पारदर्शिता और सुधार होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *