
आगरा | मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दिनांक 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल स्तर पर व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है|
इसी क्रम में आज दिनांक 01.06.2026 को आगरा मंडल में विभिन्न रेलवे कार्यालयों, स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर जल संरक्षण तथा ऊर्जा बचत से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कर्मचारियों एवं रेल उपयोगकर्ताओं को जल के कुशल उपयोग, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण तथा जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही ऊर्जा संरक्षण के अंतर्गत एलईडी प्रकाश व्यवस्था के उपयोग, वातानुकूलन उपकरणों के संतुलित संचालन तथा आवश्यकता न होने पर विद्युत उपकरणों को बंद रखने जैसी व्यवहारिक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। आगरा मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।मंडल रेल प्रबंधक आगरा के निर्देशन में यह अभियान मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में निरंतर चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा मिशन LiFE के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में रेलवे कर्मचारियों हेतु कार्यशालाएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम, अपशिष्ट प्रबंधन अभियान एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही है।
आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” पर संचालित यह अभियान हम सभी के लिए एक सशक्त संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। आइए, हम सभी मिलकर अपने रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें।


