केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने धर्मपत्नी संग निहारा ताज, विदेशी डेलिगेशन भी साथ था, निर्यात बढ़ाने को लेकर की अहम बैठक

Press Release उत्तर प्रदेश

केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने धर्मपत्नी संग निहारा ताज, विदेशी डेलिगेशन भी साथ था, निर्यात बढ़ाने को लेकर चल रही अहम बैठक

आगरा। देश की आर्थिक रणनीति और वैश्विक व्यापार को नई रफ्तार देने के मिशन के तहत केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल सपत्नीक रविवार सुबह विश्व धरोहर ताज महल पहुंचे, जहां उन्होंने विदेशी प्रतिनिधिमंडल के साथ ऐतिहासिक स्मारक का अवलोकन किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंत्री ताजमहल पहुंचे और करीब दो घंटे तक भ्रमण जारी रहा। पियूष गोयल का यह आगरा दौरा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापारिक कूटनीति और निर्यात विस्तार की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है।

केंद्रीय मंत्री के साथ विदेशी डेलिगेशन भी मौजूद रहा और कड़ी सुरक्षा के बीच ताजमहल देखा। आगरा दौरे के दौरान उनकी निर्यातकों के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें लेदर, टॉय, फार्मा और आयुष सेक्टर पर विशेष फोकस रहेगा। निर्यात बढ़ाने और व्यापार को गति देने पर चर्चा के साथ यह दौरा पर्यटन और व्यापार—दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री गोयल का यह दौरा पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत 25 अप्रैल की रात आगरा आगमन से शुरू हुआ। वे रात आठ  बजे आगरा पहुंचे और वे होटल ओबेराय अमर विलास में रुके हुए हैं। इसी होटल में देर रात तक अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ उनकी अनौपचारिक चर्चाएं भी हुईं।

केंद्रीय मंत्री सुबह छह से से आठ बजे ताज महल में रहे। इस दौरान विदेशी डेलिगेशन भी उनके साथ था। सरकार व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। ताजमहल जैसे वैश्विक प्रतीक स्थल पर यह उपस्थिति अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और व्यापार साझेदारों को संदेश देने की रणनीति का हिस्सा रही।

 

निर्यातकों के साथ अहम बैठक

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पहलू निर्यातकों के साथ प्रस्तावित बैठक है, जिसमें लेदर, टॉय, फार्मा और आयुष सेक्टर के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद होगा। बैठक में निर्यात बढ़ाने, वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा मजबूत करने और व्यापारिक बाधाओं को दूर करने पर चर्चा की जाएगी। आगरा का लेदर उद्योग पहले से ही अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है, वहीं टॉय और आयुष सेक्टर को नए अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

उद्योग को गति देने की कोशिश

सूत्रों के अनुसार, मंत्री गोयल इन क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और निर्यात प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए ठोस सुझाव मांगेंगे। साथ ही, वैश्विक व्यापार समझौतों और नई नीतियों के माध्यम से भारतीय उत्पादों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में भी चर्चा होगी।

ताजमहल भ्रमण और बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पूर्वाह्न 11 बजे सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह दौरा अल्पकालिक जरूर है, लेकिन इसके दूरगामी परिणाम उद्योग और निर्यात क्षेत्र पर देखने को मिल सकते हैं।

पियूष गोयल पहले भी कई मंचों पर निर्यात बढ़ाने, आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने और वैश्विक व्यापार समझौतों को गति देने की बात कर चुके हैं। आगरा दौरा उसी रणनीति का विस्तार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *