
कागारौल (आगरा)। मतदाता जोड़ो अभियान के अंतर्गत रविवार को फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने ब्लॉक अकोला के गांव बैमन स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर बूथ संख्या 227, 228 एवं 229 पर मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के अभियान का जायजा लिया।
इस दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने बीएलओ मोनिका रानी, वीरेंद्र सिंह एवं गोविंद नारायण के साथ बैठकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने पात्र युवाओं एवं छूटे हुए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए तथा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। मतदाता जोड़ो अभियान के माध्यम से कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


