
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली) मशीनों की सुविधा प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं रेलवे स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली) मशीनों के माध्यम से प्लेटफॉर्म पर ही टिकट वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस व्यवस्था के अंतर्गत आगरा मंडल में कुल 10 एम-यूटीएस मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिनमें आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 04 तथा मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 06 मशीनें संचालित हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें टिकट लेने के लिए काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ता।
टिकट वितरण एवं राजस्व का विवरण:-आगरा कैंट रेलवे स्टेशन 04 एम-यूटीएस मशीनों के माध्यम से दिनांक 09.11.2026 को लगभग 170 टिकट वितरित किए गए, जिनसे ₹33,165 का राजस्व प्राप्त हुआ। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 06 एम-यूटीएस मशीनों के माध्यम से दिनांक 09.11.2026 व दिनांक 10 .11.2026 को लगभग 448 टिकट वितरित किए गए, जिनसे ₹1,08,350 का राजस्व प्राप्त हुआ। इस प्रकार दोनों स्टेशनों पर कुल 618 टिकटों का वितरण कर ₹1,41,515 का राजस्व अर्जित किया गया।
यात्रियों को मिलने वाले प्रमुख लाभ:
– प्लेटफॉर्म पर ही टिकट उपलब्ध होने से समय की बचत।
– टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त भीड़ एवं लंबी कतारों में कमी।
– ट्रेनों के प्रस्थान से पहले आसानी से टिकट प्राप्त करने की सुविधा।
– यात्रियों की आवाजाही एवं स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन में सुधार।
– टिकट वितरण प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाना।
इस सुविधा का लाभ उठाकर यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा प्लेटफॉर्म पर ही टिकट उपलब्ध होने की व्यवस्था को सुविधाजनक बताया। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसरों में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


