रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा विशेष अभियान के अंतर्गत चैन पुलिंग एवं अवैध वेंडरों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई

Press Release उत्तर प्रदेश

मथुरा। रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा श्री राज मोहन पिचाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त महोदय आगरा के कुशल निर्देशन में श्री अरुण कुमार वर्मा सहायक सुरक्षा आयुक्त मथुरा परिक्षेत्र के सुपरविजन में प्रभारी निरीक्षक मथुरा जंक्शन श्री उपदेश कुमार कौशिक की अगुवाई में दिनांक 01 मई 2026 से 15 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान ट्रेनों में अनावश्यक रूप से चेन पुलिंग करने वाले तथा रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सघन जांच एवं कानूनी कार्रवाई की गई । अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा रेलवे अधिनियम की धारा 141 के अंतर्गत ट्रेनों में बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने वाले कुल 387 व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमे पंजीकृत किए गए। अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण रेलगाड़ियों के समयबद्ध संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, यात्रियों को असुविधा होती है तथा रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे मामलों पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
इसी प्रकार रेलवे स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में बिना वैध अनुमति के खाद्य सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडरों के विरुद्ध भी व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत कुल 288 अवैध वेंडरों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए। रेलवे प्रशासन का मानना है कि अनधिकृत विक्रेताओं की गतिविधियां यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा के लिए जोखिम उत्पन्न कर सकती हैं, इसलिए इनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है । वर्ष 2026 के दौरान अब तक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा अवैध वेंडरों के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में कुल 629 व्यक्तियों को रेलवे अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत अभियोजित कराया गया है। वहीं ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग करने वाले कुल 1016 अपराधियों को रेलवे अधिनियम की धारा 141 के अंतर्गत अभियोजित किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल सेवाओं की सुचारू व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनधिकृत व्यापार, जबरन वसूली, भीख मांगने, संदिग्ध गतिविधियों तथा रेल संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले कृत्यों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार विशेष अभियान जारी रहेंगे । रेल यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचता हुआ, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त अथवा रेलवे नियमों का उल्लंघन करता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम RPF/GRP अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *